नई दिल्ली। कुछ दिन पहले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना नदी के प्रदूषित पानी को लेकर हरियाणा पर गंभीर आरोप लगाए थे। केजरीवाल ने कहा था कि हरियाणा यमुना नदी को जहरीला बना रहा है। इन आरोपों के बाद दो दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने यमुना नदी के पानी का आचमन किया था।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना के पानी की गुणवत्ता को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में 10 वर्षों में काम नहीं हुए। अब अरविंद केजरीवाल अपनी नाकामियों को छिपाते हुए घटिया राजनीति पर उतर आए हैं। दिल्ली की जनता को पिछले 10 साल से गंदा पानी पीने के लिए केजरीवाल ने मजबूर किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वजीराबाद स्थित यमुना घाट पर हरियाणा से लिए गए यमुना के पानी और दिल्ली से लिए पानी के सैंपल मीडिया को दिखाते हुए कहा कि इन दोनों में जमीन आसमान का अंतर है। दिल्ली में दूषित पानी यमुना में डाला जा रहा है, न कि हरियाणा द्वारा यमुना को प्रदूषित किया जा रहा है।
नायब सिंह सैनी ने दिल्ली सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि हम यमुना नदी के माध्यम से दिल्ली को स्वच्छ जल देते हंै, लेकिन अपने कुप्रबंधन से दिल्ली की सरकार यमुना को प्रदूषित कर देती है। यमुना का यही पानी हमें फरीदाबाद में मिलता है तो इसकी गुणवत्ता बेहद खराब होती है, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां होने का खतरा पैदा हो रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल की चाल और चरित्र को पहचान लिया है, इसलिए दिल्ली की जनता अब उनका सूपड़ा साफ करेगी। अरविंद केजरीवाल ने 10 सालों में दिल्ली का विकास नहीं किया और ध्यान भटकाने के लिए हरियाणा पर आरोप लगा रहे है।