चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 8 फरवरी को झूठ की दुकान पर ताला लग जाएगा। दिल्ली में बीजेपी की सरकार बन रही है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली में जो झूठ की दुकान खुली थी, उसे लोग अब समझ चुके हैं। 8 तारीख को झूठ की दुकान पर ताला लग जाएगा। उन्होंने (अरविंद केजरीवाल) लोगों से जो वादे किए थे, वह आज भी सिर्फ वादे ही हैं। उन्होंने कोई वादा पूरा नहीं किया। अरविंद केजरीवाल लगातार झूठ बोलते रहे हैं।”
नायब सिंह सैनी भी दिल्ली में बीजेपी के लिए प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने शनिवार को भी अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला था। सैनी ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वह यमुना के पानी में जहर मिलाने समेत अन्य झूठा प्रचार करके दिल्ली में अपनी विफलताओं एवं कुशासन को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। सैनी ने भाजपा प्रत्याशी मनोज शौकीन के समर्थन में यहां नांगलोई में एक जनसभा में कहा कि केजरीवाल झूठे आरोप लगाकर अपने जन्म स्थान वाले राज्य हरियाणा को बदनाम कर रहे हैं तथा आठ फरवरी को उनकी ‘झूठ की दुकान’ बंद हो जायेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल अपनी विफलताओं और कुप्रबंधन को छिपाने के लिए झूठा प्रचार कर रहे हैं, जिसमें यह दावा भी शामिल है कि यमुना का पानी जहरीला है, ताकि हरियाणा और दिल्ली के बीच तनाव पैदा किया जा सके। यमुना मेरे लिए सिर्फ पानी का स्रोत नहीं है, बल्कि आस्था का विषय है। मैंने खुद नदी का पानी पिया है और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के झूठ को उजागर किया है।’’