पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले स्थित लोहागढ़ किले में 24 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल की संदिग्ध मौत का मामला अब नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आए कुछ तथ्यों के बाद अब मामले को संदिग्ध नजरिए से भी देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, केतन अपनी मंगेतर और कुछ दोस्तों के साथ घूमने के लिए लोहागढ़ किले पहुंचे थे। दोनों की अगले महीने शादी होने वाली थी और परिवारों में तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं। इसी दौरान किले की गहरी खाई में गिरने से केतन की मौत हो गई।
शुरुआत में माना गया था कि फोटो खिंचवाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह खाई में गिर गए, लेकिन पुलिस को अब इस घटना में किसी साजिश की आशंका भी नजर आ रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान मंगेतर के बयान और घटनास्थल से मिले तथ्यों में कुछ अंतर पाए गए हैं, जिसके बाद मामले की गहराई से जांच शुरू की गई।
पुलिस ने मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच शुरू कर दी है। जांच में यह बात सामने आई है कि मंगेतर कथित तौर पर किसी अन्य युवक के संपर्क में भी थी। पुलिस अब इस एंगल को भी गंभीरता से खंगाल रही है।
बताया जा रहा है कि 19 जून को मंगेतर का जन्मदिन था और उसी मौके पर यह ट्रिप प्लान की गई थी। परिवार जयपुर में शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था और समारोह को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे थे। इसी बीच हुई इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब यह भी जांच की जा रही है कि करीब 350 फीट गहरी खाई में गिरना महज दुर्घटना थी या फिर इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश में जुटी हुई है।