पटना। पटना के चर्चित कोचिंग विवाद में अब नया और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। खान सर और रौशन आनंद सर के बीच चल रहे विवाद के मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान बॉडीगार्ड ने बड़ा दावा किया है। पूछताछ में सुरक्षा गार्ड ने कहा कि फायरिंग करने का आदेश खुद खान सर ने दिया था।
कदमकुआं थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, वायरल वीडियो में दो निजी सुरक्षा गार्ड हथियार लेकर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने उनकी पहचान प्रदीप कुमार और तालेवर सिंह के रूप में की है। दोनों नोएडा की एक निजी सिक्योरिटी एजेंसी से जुड़े बताए जा रहे हैं और खान ग्लोबल स्टडीज में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे।
एफआईआर में पुलिस अधिकारी के बयान का हवाला देते हुए कहा गया है कि घटना के दौरान कोचिंग संस्थान के बाहर हंगामा और विरोध प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर खान सर उर्फ फैजल खान मौके पर पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों से कहा, “खड़े क्या हो, गोली चलाओ।” इसके बाद दोनों गार्डों ने रायफल से हवाई फायरिंग की।
पुलिस का दावा है कि पूरी घटना वायरल वीडियो में रिकॉर्ड हुई है। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। मामले में पुलिस ने दोनों सुरक्षाकर्मियों को हिरासत में लेकर उनके हथियार और कारतूस जब्त कर लिए हैं। हथियारों को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है।
वहीं, खान सर की ओर से अब तक यही कहा गया है कि सुरक्षा गार्डों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। उन्होंने जांच में सहयोग करने की बात भी कही है। हालांकि पुलिस ने अब उनके खिलाफ भी आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर चर्चा हो रही है। पुलिस जल्द ही खान सर से पूछताछ कर सकती है।