पटना| पटना में फायरिंग और विवाद मामले में मशहूर शिक्षक फैजल खान उर्फ ‘खान सर’ की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब पटना पुलिस उनकी गिरफ्तारी को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने खान सर को पकड़ने के लिए 5 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया है।
बड़े अफसरों को सौंपी गई जिम्मेदारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बनाई गई स्पेशल टीम में शहर के कई वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल किए गए हैं। टीम में टाउन DSP-1, टाउन DSP-2, कदमकुआं थाना प्रभारी, पीरबहोर थाना प्रभारी और गांधी मैदान थाना प्रभारी को जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अब खान सर के संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है और लगातार उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
अग्रिम जमानत की तैयारी
दूसरी तरफ गिरफ्तारी से बचने के लिए खान सर की ओर से कानूनी तैयारी भी तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, उनके वकील पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले भी बेल के लिए प्रयास किए गए थे, लेकिन आवेदन दाखिल नहीं हो पाया था। कानूनी जानकारों का मानना है कि जिन धाराओं में मामला दर्ज हुआ है, उनमें राहत मिलना आसान नहीं होगा। यदि अदालत से जमानत नहीं मिलती है तो खान सर कोर्ट में सरेंडर भी कर सकते हैं।
गार्ड्स के बयान के बाद दर्ज हुई FIR
खान सर के खिलाफ कदमकुआं थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। दरअसल, कोचिंग सेंटर के बाहर हुए विवाद और फायरिंग मामले में सुरक्षा गार्ड्स ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया था कि गोली चलाने का निर्देश खान सर की ओर से दिया गया था।
कोचिंग संस्थान पर भी कार्रवाई की आशंका
इस मामले के बीच खान सर के कोचिंग संस्थान पर भी प्रशासन की नजर है। हाल ही में फायर सेफ्टी टीम ने संस्थान का निरीक्षण किया था, जिसमें सुरक्षा मानकों में कई खामियां मिलने की बात सामने आई है। प्रशासन नियमों के उल्लंघन को लेकर कोचिंग संस्थान के खिलाफ भी कार्रवाई कर सकता है। फिलहाल पुलिस और कोर्ट की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।