लखनऊ। अलीगंज में 22 जून को हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने शहरभर में मानकों के विपरीत संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को चलाए गए व्यापक अभियान में 71 प्रतिष्ठानों को सील किया गया, जबकि 83 भवन मालिकों और प्रबंधकों को नोटिस जारी किए गए।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर अग्निशमन विभाग और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के सभी सात जोनों में एक साथ कार्रवाई की। अभियान के दायरे में कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, डांस स्टूडियो, प्ले ग्रुप स्कूल, ब्लड बैंक, कंप्यूटर इंस्टीट्यूट, नर्सिंग होम, होटल और व्यावसायिक कॉम्पलेक्स समेत कई प्रतिष्ठान आए।
तीन सप्ताह तक चलेगा अभियान
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि शहर में सुरक्षा मानकों और भवन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार तीन सप्ताह तक चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं पाई जाएंगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सभी सात जोनों में एक साथ कार्रवाई
23 जून की शाम हुई समीक्षा बैठक के बाद सभी जोनल अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत बुधवार को पूरे शहर में बड़े पैमाने पर निरीक्षण और कार्रवाई की गई। प्रवर्तन जोन-7 में संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह के नेतृत्व में 14 प्रतिष्ठानों को सील किया गया, जबकि 20 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए।
गोमतीनगर में बड़े कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई
प्रवर्तन जोन-1 में गोमतीनगर के विराज खंड, विनीत खंड और विवेक खंड क्षेत्रों में जांच के दौरान एलन, आकाश इंस्टीट्यूट, अनएकेडमी एंड करियर प्वाइंट, विद्यापीठ, अग्रवाल क्लासेस, नारायणा कोचिंग और आईक्यू हब समेत 9 कोचिंग सेंटरों को सील किया गया। जोन-2 में कानपुर रोड योजना और कृष्णानगर क्षेत्र में अभियान चलाया गया। यहां फिजिक्स वाला, महिंद्रा कोचिंग, एलन, आकाश इंस्टीट्यूट और सेंच्यूरियन समेत 16 कोचिंग सेंटरों को सील किया गया। साथ ही 16 भवन मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
हजरतगंज में मचा हड़कंप
प्रवर्तन जोन-6 के तहत हजरतगंज क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान एलन, आकाश इंस्टीट्यूट, मोशन और ग्रैविटी समेत 14 प्रतिष्ठानों को सील किया गया। इसके अलावा 20 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए। जोन-5 में निरीक्षण के दौरान 5 भवनों को सील किया गया, जबकि 21 लोगों को नोटिस भेजे गए।
होटल, लाइब्रेरी और अकादमियां भी आईं कार्रवाई की जद में
प्रवर्तन जोन-3 में कृष्णानगर, विजय नगर और मानकनगर क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए ब्राइट फ्यूचर लाइब्रेरी, डिफेंस करियर अकादमी और होटल गुरवीर समेत 7 प्रतिष्ठानों को सील किया गया। वहीं जोन-4 में एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में 6 प्रतिष्ठानों को सील किया गया और 7 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए।
सुरक्षा मानकों पर रहेगा विशेष फोकस
एलडीए अधिकारियों का कहना है कि अलीगंज अग्निकांड के बाद शहर में संचालित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था, भवन मानचित्र स्वीकृति, फायर सेफ्टी और अन्य आवश्यक मानकों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।