लखनऊ, 25 अगस्त 2026। मैन ऑफ द मैच भुवनेश्वर कुमार (3/20) और अभिनंदन सिंह (3/16) की शानदार गेंदबाजी के बाद हिमांशु सिंह (64) की अर्धशतकीय पारी के दम पर लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के मुकाबले में काशी रुद्रास को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ लखनऊ फाल्कन्स ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की। वहीं, काशी रुद्रास को लखनऊ के खिलाफ लगातार दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। काशी रुद्रास की टीम 19.1 ओवर में 126 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में लखनऊ फाल्कन्स ने 16 ओवर में 4 विकेट खोकर 130 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं रोजगार विभाग के मंत्री अनिल राजभर और संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग के राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने टॉस और पारंपरिक घंटा बजाने की रस्म के साथ की।
भुवनेश्वर ने काशी की शुरुआत बिगाड़ी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत बेहद खराब रही। तीसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने सलामी बल्लेबाज साहब युवराज सिंह (14) को विकेटकीपर कार्तिकेय के हाथों कैच कराया। इसी ओवर में उन्होंने काशी के कप्तान करण शर्मा (0) को भी विकेटकीपर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। भुवनेश्वर ने पांचवें ओवर में अभिषेक गोस्वामी (9) को नवनीत के हाथों कैच कराया। इसके चलते काशी रुद्रास ने महज 28 रन के स्कोर पर अपने तीन प्रमुख बल्लेबाज गंवा दिए। इसके बाद उवैस अहमद (15) और उपेन्द्र यादव (20) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। उवैस को नवनीत कुमार ने आउट किया, जबकि उपेन्द्र यादव को अक्षू बाजवा ने एलबीडब्ल्यू किया।
शुभम चौबे ने संभाली पारी
इसके बाद शुभम चौबे ने 32 गेंदों पर 5 चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रन की जुझारू पारी खेली। हालांकि, 19वें ओवर में अभिनंदन सिंह ने शुभम को विकेटकीपर कार्तिकेय के हाथों कैच कराकर काशी को बड़ा झटका दिया। इसके बाद अभिनंदन ने निचले क्रम के बल्लेबाजों को भी टिकने नहीं दिया। उन्होंने कार्तिक यादव (14) और विजय यादव (1) को पवेलियन भेज दिया। काशी रुद्रास की पूरी टीम 19.1 ओवर में 126 रन पर ऑलआउट हो गई। लखनऊ फाल्कन्स की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि अभिनंदन सिंह ने 4 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
हिमांशु सिंह ने खेली मैच जिताऊ पारी
127 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स को मोहम्मद सैफ और हिमांशु सिंह ने तेज शुरुआत दिलाई। सैफ ने 8 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 17 रन बनाए। वह चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर संगम सिंह की गेंद पर अणव बालियान को कैच दे बैठे। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अजीत वर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद हिमांशु सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की पारी को संभाला। उन्होंने 41 गेंदों पर 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 64 रन की बेहतरीन पारी खेली। हिमांशु को 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर विजय यादव ने आउट किया और उवैस अहमद ने उनका कैच लपका। इसके बाद कृतज्ञ सिंह ने 29 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर वह भी अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बावजूद लखनऊ फाल्कन्स ने 16 ओवर में 4 विकेट पर 130 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाओं को लगातार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का मंच उपलब्ध कराना है। खिलाड़ियों और दर्शकों की बढ़ती भागीदारी लीग की सफलता को दर्शाती है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




