बांदा। प्रयागराज में माफिया अतीक और अशरफ की हत्या करने वाले तीन हत्यारों में एक बांदा का लवलेश तिवारी भी है। लवलेश के भाई वेद ने जब मीडिया से बात की तो वह डरा और सहमा हुआ नजर आया। उसकी आंखें झुकी थीं और आवाज में खौफ था।
बता दें कि सीओ सिटी गवेंद्र पाल सिंह लवलेश तिवारी के घर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया लवलेश पर चार मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें एक चिल्ला, दो बांदा में जबकि चौथे की जानकारी ली जा रही है।
छोटे भाई ने बताया लवलेश कभी-कभी आता था घर
शूटर लवलेश के छोटे भाई वेद तिवारी ने बातचीत में बताया कि लवलेश नशे का आदी था। तीन-चार साल पहले एक लड़की को थप्पड़ मारने में जेल गया था। करीब एक सप्ताह पहले वह घर से गया था। लवलेश घर पर कभी-कभी ही आता था, उसकी आदतें खराब थीं।
टीवी पर अतीक की हत्या में बेटे को देख बदहवास हुए माता-पिता
लवलेश के पिता एक स्कूल में बस चलाते हैं। इन लोगों को घटना की जानकारी टीवी में उसका चेहरा देखने के बाद हुई। उसके बाद से लवलेश के मां और पिता डिप्रेशन में चले गए। लवलेश शहर के कटरा में किराए के मकान में रहता है।
लवलेश ने लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है पढ़ाई
हत्यारे लवलेश के पिता का नाम यज्ञ तिवारी और मां का नाम मां आशा तिवारी है। लवलेश ने लखनऊ यूनिवर्सिटी से बीए में प्रवेश लिया था। फर्स्ट ईयर फेल होने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। उसके बाद उसकी संगत गलत हो गई। भाई वेद तिवारी ने बताया कि उससे मिलने घर पर कोई नहीं आता था, वह खुद घर पर कम आता था। मम्मी, पापा और वह खुद भी उससे कम संबंध रखते थे।