मुंबई। महाराष्ट्र कैबिनेट के फॉर्मूले को अंतिम रूप दे दिया गया है। नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण सोमवार सुबह होने की संभावना है। दरअसल, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस समय दिल्ली के दौरे पर हैं।
दोनों ने शुक्रवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बैठक रात 9.30 बजे शुरू हुई और करीब 2 बजे समाप्त हुई। बैठक में कैबिनेट विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि गृह मंत्रालय का नया पद किसे मिलेगा।
सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस नहीं बल्कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल आगे चल रहे हैं। इससे पहले जब फडणवीस मुख्यमंत्री थे तब वे गृह मंत्री थे। अब संभव है कि फडणवीस की जगह चंद्रकांत पाटिल को यह विभाग मिल जाए।
भाजपा गृह विभाग के साथ वित्त विभाग पर भी जोर दे रही है। चंद्रकांत पाटिल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। अगर वह कैबिनेट में शामिल होते हैं तो किसी ओबीसी नेता को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है। सूत्रों ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव में भाजपा की नजरें ओबीसी वोट बैंक पर ही टिकी हैं।
अमित शाह के साथ हुई दोनों नेताओं की बैठक में कैबिनेट विस्तार और विभागों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया गया। शिंदे गुट को 13 मंत्री पद मिलने की संभावना है। बाकी भाजपा को मिलेंगे। शिंदे-फडणवीस आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
एकनाथ शिंदे ने शिवसेना के 40 और करीब 50 निर्दलीय विधायकों के समर्थन पर उद्धव ठाकरे से अपनी राह अलग कर ली। इन्होंने महाविकास अघाड़ी की सरकार गिरा दी और प्रदेश को एक नई सरकार दी। शपथ ग्रहण समारोह को एक सप्ताह हो गया है, लेकिन कैबिनेट का विस्तार अभी नहीं हुआ है।