मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में कल शनिवार को एक दु:खद हादसा हो गया। दरअसल, गणेश चतुर्थी कार्यक्रम के दौरान रात करीब आठ बजे हनुमानजी बने एक शख्स की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई, जिसका विडियो अब सोशल मिडिया पर वायरल हो रहा है। मृतक की पहचान रवि शर्मा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि 32 वर्षीय रवि हनुमानजी के स्वरूप में नृत्य कर रहे थे और नृत्य करते-करते ही वो अचानक ज़मीन पर गिर पड़े। इस दौरान पंडाल में मौजूद सभी लोगों को लगा कि यह झांकी का ही एक हिस्सा है और वे उसपर तालियाँ बजाने लगे।
जब काफी देर तक रवि नहीं उठे तो लोगों ने कुछ गड़बड़ होने की आशंका हुई। पास जाकर देखा तो कलाकार अचेत पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल अब उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसे देख यूजर्स सकते में आ गए हैं। अपने रिएक्शन देते हुए कई यूजर्स ने शख्स के प्रति सहानुभूति भी जताई है।