लखनऊ के खुर्रम नगर स्थित एक पेट्रोल पंप परिसर में संचालित पंजाबी फ्लेवर्ड फूड हब रेस्टोरेंट में शुक्रवार शाम भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें करीब 10 फीट तक उठीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय रेस्टोरेंट बंद था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग एसी के कंप्रेसर में विस्फोट होने के बाद लगी, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि पास के बिजली के खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट से आग रेस्टोरेंट तक पहुंची। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं, पेट्रोल पंप के सामने स्थित जगरानी अस्पताल के कर्मचारियों ने भी तत्काल सबमर्सिबल से पाइप जोड़कर पानी का छिड़काव शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों और अस्पताल स्टाफ की संयुक्त कोशिशों से करीब 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट का संचालन पेट्रोल पंप परिसर में गेट के पास किया जा रहा था, जबकि पेट्रोल का भूमिगत टैंक (कुआं) महज 15 मीटर की दूरी पर था। यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन रेस्टोरेंट में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती जांच में एसी के कंप्रेसर में विस्फोट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है। साथ ही, यह भी सामने आया है कि पेट्रोल पंप परिसर में रेस्टोरेंट का संचालन कथित तौर पर अवैध रूप से किया जा रहा था।