आगरा के जैतपुर थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुरा से डिजिटल टोल व्यवस्था फास्टैग की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कार आगरा में घर के बाहर खड़ी रही, लेकिन उसके फास्टैग से तमिलनाडु में टोल टैक्स कट गया।
जानकारी के अनुसार, जैतपुर थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुरा निवासी पत्रकार निपुण तिवारी ने बताया कि उनकी एक्सयूवी 500 कार (यूपी 80 सीएस 4414) बीते करीब आठ दिनों से घर के बाहर खड़ी थी और कहीं भी बाहर नहीं गई थी। गुरुवार सुबह करीब 10:39 बजे उनके मोबाइल पर फास्टैग से टोल राशि कटने का मैसेज आया। जब उन्होंने मैसेज देखा तो हैरान रह गए, क्योंकि उसमें टोल प्लाजा तमिलनाडु राज्य के पुदुरु टोल को दिखाया गया था।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने जैतपुर थानाध्यक्ष दीपक कुमार को वीडियो कॉल पर कार दिखाते हुए बताया कि वाहन उसी समय घर के बाहर खड़ा है, जबकि फास्टैग से कटे पैसे तमिलनाडु के टोल प्लाजा के बताए जा रहे हैं। इसके बाद निपुण तिवारी ने जैतपुर थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित का कहना है कि यह बेहद गंभीर मामला है। ऐसी घटनाओं से एक ओर आर्थिक नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर मानसिक तनाव भी झेलना पड़ रहा है। उन्होंने फास्टैग सेवा प्रदाता के पास भी शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और गलत तरीके से कटे टोल टैक्स की राशि वापस किए जाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फास्टैग सुविधा के नाम पर लागू किया गया था, लेकिन इस तरह की घटनाएं सामने आने से इसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि फास्टैग सिस्टम की तकनीकी खामियों को जल्द दूर किया जाए, ताकि वाहन स्वामियों को राहत मिल सके और डिजिटल टोल व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बना रहे।