नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर में गुरुवार शाम एक होटल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. नागपुर-अमरावती राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बाजारगांव स्थित अनंतारा होटल में लगी आग की चपेट में आने से राजस्व विभाग में तैनात मंडल अधिकारी मनोज सदाशिवराव बांडे की मौत हो गई. हादसे में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं. आग इतनी तेजी से फैली कि होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
होटल के कमरे में फंसे रह गए मंडल अधिकारी
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 58 वर्षीय मनोज सदाशिवराव बांडे के रूप में हुई है. वह अमरावती जिले के अंजनगांव सुर्जी के रहने वाले थे और वहां तहसील कार्यालय में मंडल अधिकारी के पद पर तैनात थे. बताया जा रहा है कि वह नागपुर की ओर जाते समय अनंतारा होटल में ठहरे थे. उन्होंने शाम करीब 6 बजे होटल के कमरा नंबर 208 में चेक-इन किया था.
गुरुवार शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच होटल में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में धुआं फैल गया. इस दौरान मनोज बांडे कमरे में ही फंस गए. धुएं की वजह से दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई. काफी प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
होटल में आग लगने की सूचना मिलते ही कोंढाली पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं. आग की गंभीरता को देखते हुए कोंढाली नगर पंचायत के अग्निशमन दल और सोलर इंडस्ट्रीज की ओर से भी पानी के टैंकर भेजे गए. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
इस हादसे में होटल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है. वहीं, तीन अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आग किस वजह से लगी और होटल में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.
मनोज बांडे की मौत की खबर से उनके परिवार और राजस्व विभाग में शोक का माहौल है. फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.