लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मायावती वही करती हैं जो भाजपा उनसे करने के लिए कहती है। मायावती भाजपा को फायदा पहुंचाने वाली ऐसी नेता हो गई हैं, जो अपनी ही बनाई जेल में कैद हैं और उनका जेलर दिल्ली में बैठा है।
अखिलेश ने आज गुरुवार को संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बसपा वही करती है जो भाजपा उसे करने के लिये कहती है। मायावती के निशाने पर भाजपा नहीं बल्कि सपा होती है। चुनाव में भी बसपा ऐसे उम्मीदवार को उतारती है, जिसकी वजह से सपा हारे।
उन्होंने कहा कि वह भाजपा से नहीं लड़ रही हैं, वो तो अपनी एक बनाई हुई जेल में बंद हैं, उनका जेलर मुझे लगता है कि दिल्ली में बैठा हुआ है। उप्र के पिछले दो विधानसभा चुनाव में बसपा की मदद के बिना भाजपा की सरकार नहीं बन सकती थी।
अखिलेश ने मायावती के पिछले फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में बसपा ने एनडीए के उम्मीदवार का समर्थन किया। इसी तरह आजमगढ़ के उपचुनाव में उन्होंने कुछ नहीं बोला और दो दिन बाद भाजपा का समर्थन कर दिया।
इससे पहले भी अखिलेश यादव बसपा और मायावती पर भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते रहे हैं। हालांकि पहली बार उन्होंने जेल और जेलर जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया है। माना जा रहा है कि मायावती के लखनऊ से बाहर नहीं निकलने को लेकर अखिलेश ने यह निशाना साधा है।
वैसे देखा जाय तो सपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। चुनाव में सपा के पांच और बसपा के 10 उम्मीदवार जीते थे। यह गठबंधन नाकाम साबित होने के बाद टूट गया।