मध्य प्रदेश। एमपी सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं में से एक लाड़ली बहना योजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. इस बार लाड़ली बहना योजना की 20वीं किस्त 12 जनवरी को आएगी. इस बार लाड़ली बहना योजना से 1 लाख 63 हजार लाभार्थियों के नाम काट दिए गए हैं. वहीं, अब मोहन सरकार महिला श्रमिकों को 5,000 रुपये इंसेटिव देने की योजना बना रही है.
सीएम मोहन यादव ने दिया अपडेट
लाड़ली बहना योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं के खातें में हर महीने 1250 रुपए की राशि ट्रांसफर की जाती है. लाभार्थी महिलाएं इसका बेसब्री से इंतजार कर रही हैं. इस बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसकी तारीख को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लाडली बहना योजना को लेकर लिखा कि, 12 जनवरी से प्रदेशभर में स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन का शुभारंभ होगा. उसी दिन मैं शाजापुर जिले के कालापीपल तहसील से लाड़ली बहनों के खातों में “लाड़ली बहना योजना” की राशि ट्रांसफर करूंगा.
बदलेगी प्रदेश की तस्वीर
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने चार जातियों- गरीब, युवा, महिला और किसान के विकास और उत्थान का विजन दिया है. इस पर पर काम करते हुए प्रदेश सरकार मकर सक्रांति पर महिला सशक्तिकरण पर आधारित एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है. महिलाओं के जीवन में सशक्तता लाने, आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है. सीएम मोहन ने कहा कि युवा शक्ति मिशन के जरिए प्रदेश सरकार युवाओं की भी बेहतरी के लिए अभियान शुरू करने जा रही है. हमारा प्रयास है कि युवा, महिला, गरीब किसान के जीवन में नया बदलाव आए. सरकार की योजनाओं के बलबूते पर निश्चित रूप से प्रदेश की तस्वीर बदलेगी.