हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल अदालत की सुनवाई का बहिष्कार कर अराजकतावादी मानसिकता दिखा रहे हैं और उन्हें देश की न्यायपालिका पर विश्वास नहीं है। दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में सैनी ने कहा कि अदालत ने पहले केजरीवाल को राहत दी थी और अब वही अदालत उनके मामले पर फैसला कर रही है। ऐसे में एक फैसले को सही और दूसरे को गलत बताना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करते।
सैनी ने राहुल गांधी और गांधी परिवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे खुद को अदालतों से ऊपर मानते हैं और केजरीवाल भी उसी सोच पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अदालत में पेश न होने और वकील को भी न भेजने की बात करना न्यायपालिका और संविधान का अपमान है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केजरीवाल अपनी पार्टी के अंदरूनी विवादों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों से असंतुष्ट होकर कई नेता और संस्थापक सदस्य संगठन छोड़ रहे हैं।
सैनी ने केजरीवाल पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि खुद को आम आदमी बताने वाले नेता ने कोरोना काल के दौरान आलीशान “शीश महल” तैयार कराया, जबकि पहले उन्होंने सादगी का वादा किया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता उन्हें सत्ता से बाहर कर चुकी है और अब पंजाब में भी जनता उन्हें जवाब देगी।