चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान हो गया है. हरियाणा में 1 अक्टूबर को वोटिंग होगी. नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे. गौरतलब है कि हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटें हैं. हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर को खत्म होने वाला है. चुनाव के ऐलान के बीच कई सर्वे एंजेंसी की तरफ से ओपिनियन पोल जारी किए जा रहे हैं. टाइम्स नाउ नवभारत और मैटराइज (Matrize) की तरफ से चुनाव पूर्व ओपिनियन पोल जारी किए गए हैं. सर्वे में एक बार फिर बीजेपी सबसे बड़ी दल बनकर उभरती हुई दिख रही है.
सर्वे के अनुसार हरियाणा में अगर आज चुनाव होते हैं तो भारतीय जनता पार्टी को 37 से 42 सीटों पर जीत मिल सकती है. वहीं कांग्रेस पार्टी को 33 से 38 सीटों पर जीत की संभावना है. वहीं जेजेपी को 3 से 8 सीट मिल सकती है. अन्य को 7-12 सीटों पर जीत मिल सकती है. बताते चलें कि हरियाणा में बहुमत का आंकड़ा 46 है. इस सर्वे में किसी भी दल को बहुमत मिलता हुआ नहीं दिख रहा है.
टाइम्स नाउ नवभारत और मैटराइज के सर्वे के अनुसार नायब सिंह सैनी सीएम के तौर पर राज्य के लोगों की पहली पसंद हैं. 29 प्रतिशत लोगों ने उन्हें पहली पसंद बताया है. वहीं दूसरे नंबर कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा हैं वो 27 प्रतिशत लोगों की पंसद हैं. दुष्यंत चौटाला को 9 प्रतिशत लोगों ने मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी पंसद बताया है.