अमृतसर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को अमृतसर के सुल्तानविंड बाईपास और सुल्तानविंड लिंक रोड के जंक्शन पर बने नए फ्लाईओवर का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से शहर की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या में राहत मिलेगी और प्रतिदिन श्री दरबार साहिब सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं का सफर अधिक सुगम होगा।
22.68 करोड़ में तैयार हुआ फ्लाईओवर, 11.52 करोड़ की बचत का दावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के लिए 34.20 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी, लेकिन इसे 22.68 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया। उन्होंने दावा किया कि पारदर्शी कार्यप्रणाली के कारण सरकारी खजाने के 11.52 करोड़ रुपये की बचत हुई। उन्होंने बताया कि परियोजना की कुल लंबाई 985 मीटर है, जिसमें 725 मीटर लंबा और 14 मीटर चौड़ा फ्लाईओवर बनाया गया है। स्थानीय यातायात की सुविधा के लिए दोनों ओर 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड भी विकसित की गई है। साथ ही, परियोजना में वर्षा जल निकासी और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी पर्यावरण-अनुकूल सुविधाएं भी शामिल की गई हैं।
15 जुलाई तक 3,100 स्टेडियम और 400 आम आदमी क्लीनिक तैयार होने का दावा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने घोषणा की कि 15 जुलाई तक 3,100 नए स्टेडियम, 3,000 जिम और 400 नए आम आदमी क्लीनिक जनता के लिए तैयार हो जाएंगे। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना और गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है।
सिंचाई, सड़क और बिजली पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में अब सिंचाई के लिए 80 प्रतिशत से अधिक नहरी पानी का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भूजल पर निर्भरता कम हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि 43 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है और अब ठेकेदारों को पांच वर्षों तक उनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार ने अब तक 68 हजार से अधिक युवाओं को बिना भ्रष्टाचार और सिफारिश के सरकारी नौकरियां देने का भी दावा किया।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा सरकार की विकास योजनाओं का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए उन्हें बदनाम करने के लिए फर्जी वीडियो वायरल किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में वायरल किया गया वीडियो उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश का हिस्सा है और उसमें दिखाई दे रहा व्यक्ति उनसे मेल नहीं खाता।मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के टैक्स के पैसे का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में कर रही है।