पटना। बिहार में आज महागठबंधन सरकार टूट गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है। नीतीश कुमार ने कहा कि महागठबंधन के साथ रहना अब मुश्किल हो गया था। वहीं पीएम मोदी ने भी नीतीश कुमार को फोन करके बधाई दी है।
नई सरकार बनाने के लिए नीतीश कुमार ने 128 विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपा है। इसमें भाजपा के 78, जदयू के 45, हिन्दुस्तानी आवामी मोर्चा के चार के साथ इकलौते निर्दलीय विधायक हैं। शाम 5:00 बजे नीतीश कुमार नवीं बार मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। इसके साथ ही यह भी तय हो गया है कि कांग्रेस के नंबर वन नेता राहुल गांधी तक का कॉल आने पर भी मांझी ने महागठबंधन की ओर जाने का फैसला नहीं किया।
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद राज्य में सियासी सरगर्मियां तेज हैं। इस बीच नीतीश के एनडीए में आने का एलान करते हुए भाजपा विधायक दल ने जदयू के साथ जाने के फैसले पर मुहर लगा दी है। इसी के साथ पार्टी ने एलान किया कि बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया है, जबकि विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया है। इसी के साथ भाजपा की तरफ से इन दोनों नेताओं की उपमुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारी पेश कर दी गई है।