समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित गुझिया-सेंवई मिलन समारोह को लेकर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा विधायक आशु मालिक पर निशाना साधते हुए कहा कि टिकट की चाह में अपमान सहने के बाद भी वे गुझिया खिला रहे हैं।
राजभर ने कहा कि सपा में मार खाने वाले और मारने वाले सभी एक साथ मौजूद हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले जिन नेताओं के साथ दुर्व्यवहार हुआ, वे भी आज उसी पार्टी का हिस्सा बने हुए हैं। उन्होंने कहा, “आशु मलिक को भरे मंच पर पीटा गया, लेकिन आज भी वे उसी पार्टी में रहकर कार्यक्रम कर रहे हैं। सिर्फ टिकट मिलने की उम्मीद में वे सब कुछ सहकर गुझिया-सेंवई का आयोजन कर रहे हैं।”
दरअसल, मंगलवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में होली-ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम का आयोजन आशु मलिक की ओर से किया गया, जिसमें गीत-संगीत और कव्वाली का भी आयोजन हुआ। समारोह में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस मौके पर प्रदेशभर से आए पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में गुझिया, सेवइयां, छोला-भटूरा और बाटी-चोखा जैसे व्यंजनों का भी आनंद लिया गया। वहीं, कार्यक्रम में शामिल हुए Rajratna Ambedkar ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम देशभर में होने चाहिए, ताकि समाज में एकता और भाईचारे का संदेश मजबूत हो सके।