बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में आयोजित पशु मेले के दौरान भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में बुधवार शाम जमकर हंगामा हो गया। जैसे ही खेसारी लाल यादव मंच पर प्रस्तुति देने पहुंचे, दर्शकों के बीच से हूटिंग शुरू हो गई। देखते ही देखते कुछ लोगों ने मंच की ओर जूते-चप्पल फेंकने शुरू कर दिए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हंगामा बढ़ने पर दर्शकों के बीच ही झड़प शुरू हो गई और स्थिति बेकाबू हो गई। कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ और मारपीट होने लगी। हालात बिगड़ते देख आयोजकों ने कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया। अफरा-तफरी के कारण कई लोग कार्यक्रम स्थल छोड़कर भागने लगे।
स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोग मंच की ओर सामान फेंकते और पुलिस को कार्रवाई करते देखा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि इस मेले में पहले से ही भारी भीड़ जुटने की संभावना थी, लेकिन अनुमान से कहीं अधिक लोग पहुंच गए। मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने मेला प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, प्रबंधन ने 30 से 40 हजार लोगों के आने की सूचना दी थी, जबकि कार्यक्रम में करीब एक से डेढ़ लाख की भीड़ पहुंच गई। गौरतलब है कि इसी मेले में दो दिन पहले भी स्टेज पर डांसरों के बीच मारपीट की घटना सामने आई थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।