चंडीगढ़। हरियाणा के थानेसर की नई अनाज मंडी में शनिवार को भारतीय मजदूर संघ के 70वें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्थानीय विधायक एवं राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने मुख्य रूप से शिरकत की. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुखिया कहते हैं कि उनकी सरकार आएगी तो वह पोर्टल को खत्म कर देंगे. भूपेंद्र हुड्डा उन योजनाओं को बंद करने की बात कर रहे हैं, जिनका लाभ मजदूरों को मिल रहा है.
साथ ही मुख्यमंत्री ने मजदूरों को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा. कहा कि हमने मजदूर संघ के लिए बहुत से काम किए हैं. मजदूरों के हित में काम करना विरोधी पार्टियों को अच्छा नहीं लगता. मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि हमने प्रदेश में 27000 कारखाने में पोर्टल के जरिए 22 लाख श्रमिक रोजगार देने का काम किया है. हरियाणा में आज 25% श्रमिक संगठित क्षेत्र में काम कर रहे हैं. तो वहीं 75% असंगठित क्षेत्र में हैं. उनको अन्य कई प्रकार की सहायता सरकार के द्वारा प्रदान की जा रही है. भवन निर्माण के लिए पंजीकृत श्रमिकों के लिए योजनाएं चलाई गई हैं. अंत्योदय भवन के तहत वह इस योजना का आवेदन करके लाभ ले सकते है.
सीएम नायब सैनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने झूठ फैलाने का काम किया है. भाजपा सरकार ने एक से बढ़कर एक बड़े निर्णय लिए हैं. सीएम की कुर्सी पर बैठने के बाद अब तक जितना समय मिला है, उसमें भाजपा सरकार ने बड़े ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं.