पटना. बिहार को जल्द ही गंगा नदी पर बने एक और बड़े पुल की सौगात मिलने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन गंगा महासेतु का उद्घाटन करेंगे. इस पुल को ‘नीतीश सेतु’ के नाम से भी जाना जा रहा है. इसके चालू होने से पटना से वैशाली और उत्तर बिहार के दूसरे जिलों तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा. दावा है कि कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक का सफर अब महज 20 से 25 मिनट में पूरा किया जा सकेगा.
बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने पटना में एनडीए के घटक दलों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री के दौरे और पुल के उद्घाटन की जानकारी दी. करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को बिहार के सड़क और परिवहन नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
19.76 किलोमीटर लंबा है छह लेन का महासेतु
कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु गंगा नदी पर बनी एक बड़ी आधारभूत संरचना परियोजना है. इसकी कुल लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है. इसमें गंगा नदी पर 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और लगभग 10 किलोमीटर लंबे एप्रोच रोड शामिल हैं. यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ेगा.
छह लेन वाले इस पुल का निर्माण बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड की ओर से कराया गया है. परियोजना में एलएंडटी और दक्षिण कोरिया की कंपनी दाइऊ की संयुक्त भागीदारी रही है. इसके निर्माण के लिए एशियाई विकास बैंक (ADB) से भी वित्तीय सहायता मिली है.
गांधी सेतु पर कम होगा वाहनों का दबाव
अभी पटना से वैशाली और उत्तर बिहार के कई जिलों की ओर जाने वाले यात्रियों को महात्मा गांधी सेतु के रास्ते गुजरना पड़ता है. इस वजह से व्यस्त समय में पुल पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है.
कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु शुरू होने के बाद यात्रियों को एक नया वैकल्पिक रास्ता मिलेगा. इससे गांधी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है. पटना से वैशाली की यात्रा का समय भी घटकर करीब 20 से 25 मिनट रह सकता है.
उत्तर बिहार के इन जिलों को मिलेगा फायदा
इस पुल के शुरू होने से केवल पटना और वैशाली के लोगों को ही राहत नहीं मिलेगी, बल्कि मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा समेत उत्तर बिहार के कई जिलों के यात्रियों को भी फायदा होने की उम्मीद है.
इसके अलावा राघोपुर दियारा के लोगों के लिए भी यह पुल काफी महत्वपूर्ण साबित होगा. गंगा और गंडक नदियों से घिरे इस इलाके के लोगों को पटना और हाजीपुर पहुंचने के लिए बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा. इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कारोबार से जुड़े कामों के लिए आवागमन आसान हो सकेगा.
किसानों और कारोबारियों को भी मिलेगी राहत
बेहतर सड़क संपर्क का फायदा व्यापार और कृषि क्षेत्र को भी मिलने की उम्मीद है. उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों से फल, सब्जियां और अन्य कृषि उत्पाद पटना के बाजारों तक कम समय में पहुंचाए जा सकेंगे. इससे परिवहन में लगने वाला समय घट सकता है और कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है.
21 नवंबर को बिहार दौरे पर आएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. यहां औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और रोजगार के अवसरों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा.
बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एनडीए के घटक दलों ने कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं. पुल के उद्घाटन के बाद इसके नियमित यातायात के लिए खुलने की आधिकारिक समय-सारणी का इंतजार रहेगा.