उत्तर भारत के कई राज्यों में बाढ़ और लगातार बारिश के कारण जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश पहुंचे और बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के कर्मियों से मुलाकात कर राहत कार्यों का जायजा लिया।
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “हवाई सर्वेक्षण के जरिए हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति का जायजा लिया। इस कठिन समय में हम प्रदेश के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और प्रभावित लोगों की मदद के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने मंगलवार को मंडी और कुल्लू जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया और उसके बाद कांगड़ा का दौरा किया। गग्गल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विपक्षी नेता जयराम ठाकुर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल और अन्य भाजपा विधायक भी मौजूद थे।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में 20 जून से 8 सितंबर तक भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन के कारण कुल 4,122 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इस दौरान वर्षा जनित घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं में 370 लोगों की मौत हुई। इनमें 205 मौतें बारिश से जुड़ी घटनाओं, 43 भूस्खलन, 17 बादल फटने और 9 अचानक आई बाढ़ से हुईं। इसके अलावा, 41 लोग अभी भी लापता हैं, जबकि सड़क दुर्घटनाओं में 165 लोगों की जान गई है।