पटना। बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब का कहर देखने को मिला है। यहां रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में जहरीली शराब पीने से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। कई पीड़ितों की आंखों की रोशनी जाने की भी खबर है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
बुधवार से शुरू हुआ मौत का सिलसिला
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम गांव और आसपास के इलाकों में लोगों ने शराब का सेवन किया था। गुरुवार को एक व्यक्ति की मौत के बाद मामला गंभीर लगा, लेकिन शुक्रवार सुबह तक हालात और बिगड़ गए। इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। बताया जा रहा है कि 30 से 40 लोगों ने इस जहरीली शराब का सेवन किया था, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
आधे घंटे में छिन गई आंखों की रोशनी
जहरीली शराब का असर बेहद खतरनाक बताया जा रहा है। पीड़ितों के अनुसार, शराब पीने के कुछ ही देर बाद उनकी आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा। डॉक्टरों ने भी पुष्टि की है कि कई मरीजों में दृष्टि प्रभावित होने के लक्षण मिले हैं। अस्पताल में भर्ती 15 मरीजों में से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है।
हत्या का केस दर्ज, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और 6 अन्य संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है, जो पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच करेगी।
छिपकर इलाज करा रहे लोगों से अपील
पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों ने उन लोगों से अपील की है जो डर के कारण निजी अस्पतालों में छिपकर इलाज करा रहे हैं, वे सामने आकर इलाज कराएं ताकि समय रहते उनकी जान बचाई जा सके।