छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। राष्ट्रपति ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे।
मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी का मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रमुख केंद्र माना जाता है। राष्ट्रपति का यहां पहुंचना बस्तर की समृद्ध विरासत के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।
बस्तर की संस्कृति और परंपराओं को मिलेगा सम्मान: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मां दंतेश्वरी बस्तर के जनजीवन और लोकआस्था का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति के दर्शन-पूजन से बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और धार्मिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
राष्ट्रपति के मंदिर आगमन को बस्तर की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।