रामपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के नहीं, बल्कि भाजपा के हैं। आरोप लगाया कि चुनाव के नाम पर जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा है। रामपुर का उपचुनाव इसका उदाहरण है। सरकार की वादा खिलाफी को लेकर 16 फरवरी को भारत बंद रहेगा।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए आए थे। उन्होंने विकास भवन के समीप स्थित कार्यालय पर प्रदेश महासचिव हसीब अहमद से संगठन और किसानों की समस्याओं की जानकारी लेने के बाद मीडिया से वार्ता की। मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र जैसी कोई चीज नहीं रही। चुनाव के नाम पर जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा है। रामपुर विधानसभा का उपचुनाव इसका उदहारण है।
पुलिस ने डरा धमाका कर एक तबके को वोट डालने नहीं दिया। प्रधानमंत्री देश के नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के हैं। भाजपा यूपी को भी गुजरात बनाना चाहती है। सरकार की वादा खिलाफ के विरोध में किसान संयुक्त मोर्चा द्वारा 16 फरवरी को भारत बंद का ऐलान किया गया है। एग्रीकल्चर हड़ताल के तहत किसान अपने खेतों में काम नहीं करेंगे। भारत बंद में वाहन चालकों, मजदूर, दुकानदार और व्यापारियों से भी सहयोग लिया जा रहा है। 14 मार्च को दिल्ली में आंदोलन होगा। इसके बाद टिकैत जुलूस की रूप में बिलासपुर के लिए रवाना हो गए।
साथ में हसीब अहमद, राहत खां, साबिर, मोहम्मद तालिब, रामऔतार लखविंदर सिंह, जज्बीर सिंह रंधावा, अमीर अहमद, सलामत, चौधरी अजीत सिंह, जुबैद आलम, चौधरी राजपाल, यामीन खां, नल सिंह ठाकुर अनिल सिंह अशोक कुमार सागर मेहदी हसन सलीम अहमद अनीस अहमद विनोद यादव अमान नीरज त्यागी अमरेश सिंह शंकरलाल जुनैद खां, हरिओम आदि भी रवाना हो गए।
ट्रैक्टर रैली के साथ किसान के घर पहुंच दी श्रद्धांजलि
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि देश को सिर्फ आंदोलन ही बचा सकता है। किसान अपने आंदोलन को मजबूत रखें और ट्रैक्टर मार्च निकालकर सरकार को अपनी ताकत का एहसास करवाएं। शुक्रवार को गांव डिबडिबा में कबड्डी प्रतियोगिता के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि देश और खेती को सिर्फ आंदोलन से ही बचाया जा सकता हैं। किसान आंदोलन को मजबूत रखें और ट्रैक्टर मार्च निकालते रहें।