चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने वाइल्ड लाइफ डिवीजन, गढ़शंकर, जिला होशियारपुर में तैनात ब्लॉक अधिकारी राजपाल सिंह को 15,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई बलाचौर, जिला एसबीएस नगर के एक निवासी द्वारा मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने शिकार का परमिट जारी कराने के लिए आरोपी अधिकारी से संपर्क किया था, जिस पर राजपाल सिंह ने 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता के अनुरोध पर सौदा 15,000 रुपये में तय हुआ। आरोपी अधिकारी ने परमिट जारी करने का आश्वासन देते हुए मौके पर ही 10,000 रुपये ले लिए। बाद में वह बलाचौर स्थित शिकायतकर्ता के घर जाकर शेष 5,000 रुपये भी लेकर गया। प्रवक्ता ने बताया कि रिश्वत लेने की पूरी घटना शिकायतकर्ता के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर विजीलेंस ब्यूरो ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।