जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को जालंधर शहर के व्यापारियों, छोटे दुकानदारों और कारोबारियों के साथ बैठक की और उनकी समस्याएं सुनीं। सीएम ने व्यापारियों की अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया और कुछ का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने जालंधर के छोटे दुकानदारों और विभिन्न व्यवसायों से संबंधित व्यापार मंडलों से उपचुनाव में आम आदमी पार्टी का समर्थन करने की अपील की और उनसे मोहिंदर भगत को भारी बहुमत से अपना विधायक चुनकर विधानसभा में भेजने को कहा।
उन्होंने कहा कि हम मोहिंदर भगत को मंत्री बनाएंगे, ताकि वह जालंधर के लोगों की सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कर सकें। व्यापारियों से बातचीत के दौरान मान ने उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि अब आपको चिंता करने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है, क्योंकि अब पंजाब में आपकी अपनी सरकार है।
मान ने कहा कि पंजाब को प्रगति और अर्थव्यवस्था के मामले में मजबूत बनाने में व्यापार क्षेत्र का बहुत महत्वपूर्ण योगदान है। उद्योग के विकास से ही बेरोजगारी की समस्या को समाप्त किया जा सकता है। राज्य का राजस्व भी उद्योग और व्यापार से ही बढ़ सकता है, इसलिए हम व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।