जयपुर। राजस्थान पुलिस सेवा में ओबीसी वर्ग में 5 साल की छूट खत्म करने के अपने ही फैसले से भजनलाल सरकार पीछे हट गई है। सरकार का कहना है कि पुलिस सेवा में ओबीसी की 5 साल की उम्र सीमा की छूट खत्म नहीं होगी।
इससे पहले एक आदेश में राजस्थान पुलिस सेवा (संशोधन) नियम-2024 में बदलाव कर छूट को खत्म कर दिया गया था। इस मुद्दे पर कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी ने सरकार को घेरते हुए कहा था कि वह इसके लिए लड़ाई लड़ेंगे।
अब मामले के तूल पकड़ने पर आदेश जारी बताया गया कि अधिसूचना जारी करते समय 5 वर्ष की छूट का प्रावधान भूलवश 2 स्थानों पर अंकित हो जाने पर इसे संशोधित कर एक स्थान से हटाया गया है, इससे राजस्थान पुलिस सेवा नियमों में ओबीसी के लिए आयु की छूट पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं पड़ेगा।
अब कार्मिक विभाग के संयुक्त शासन सचिव दिनेश शर्मा ने नया आदेश जारी करते हुए बताया कि कार्मिक विभाग की अधिसूचना 13.11.1996 द्वारा राजस्थान पुलिस सेवा नियम, 1954 में ओ.बी.सी वर्ग को ऊपरी आयु सीमा में प्रथम बार दो वर्ष की छूट प्रदान की गई थी। इसके पश्चात अधिसूचना 25 मई 2000 द्वारा आयु सीमा में 5 वर्ष की अभिवृद्धि के लिए नया प्रावधान जोड़ा गया था।