अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और दान में कथित गड़बड़ी को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक अनिल सिंह का एक बयान चर्चा में आ गया है। उन्नाव जिले की पुरवा विधानसभा सीट से विधायक अनिल सिंह ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा कि राम मंदिर में चोरी करने वालों को “भगवान की ओर से दंड मिलेगा” और उन्हें “कैंसर जैसी गंभीर बीमारी होगी।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सार्वजनिक सभा में दिया विवादित बयान
उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिल सिंह ने कहा, “आज ऐसे-ऐसे कुकर्मी हैं जो मंदिर का घंटा तक उठा ले जाते हैं। जिन्होंने प्रभु श्रीराम के मंदिर में चोरी की होगी, उन्हें सीधे कैंसर होगा। यह भगवान की ओर से मिलने वाली सजा होगी। एक साल बाद देखिए, उन्हें इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।” उन्होंने आगे कहा कि चोरों को कानून के तहत सजा देने का काम सरकार करेगी, जबकि भगवान श्रीराम उन्हें ऐसा दंड देंगे जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
सरकार करेगी कानूनी कार्रवाई
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि मंदिर के ट्रस्ट का धन समाजहित के कार्यों, जैसे स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों के निर्माण तथा गरीबों के इलाज के लिए उपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने इस धन में गड़बड़ी की है तो उसके खिलाफ सरकार कानूनी कार्रवाई करेगी।
समाजवादी पार्टी पर भी साधा निशाना
अनिल सिंह ने अपने भाषण में समाजवादी पार्टी (SP) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं ने अपने शासनकाल में भ्रष्टाचार किया और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
अखिलेश यादव पर भी टिप्पणी
विधायक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि जो नेता पहले रामलला के दर्शन नहीं करते थे, आज उन्हें भी राम का नाम लेना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या के विकास ने राजनीतिक माहौल बदल दिया है और यह भारतीय जनता पार्टी की नीतियों का परिणाम है। राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित मामले को लेकर पहले से राजनीतिक बयानबाजी जारी है। इसी बीच विधायक अनिल सिंह के इस बयान ने विवाद को और तेज कर दिया है।