रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंबेनाली घाट में एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक सतारा जिले के बताए जा रहे हैं, जो कोंकण घूमकर वापस लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग पर स्थित अंबेनाली घाट में रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और करीब 500 से 700 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राहत-बचाव दल और महाबलेश्वर ट्रैकर्स की टीम मौके पर पहुंची। रात का अंधेरा और घाट का दुर्गम रास्ता रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना रहा। बचावकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
प्रशासन के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग सतारा जिले के कोरेगांव तहसील के आसगांव गांव के रहने वाले थे। हादसे में जान गंवाने वालों में महेश पवार, आदित्य सालुंखे, रितेश लोखंडे, सुहास लोखंडे, अंश चव्हाण, उत्कर्ष शिंगटे, अनिल शिंगटे और नितीन नायकोंडे शामिल हैं।
अंबेनाली घाट को महाराष्ट्र के सबसे खतरनाक घाट मार्गों में गिना जाता है। इससे पहले भी यहां कई बड़े हादसे हो चुके हैं। साल 2018 में इसी घाट में हुए एक भीषण बस हादसे में 30 लोगों की मौत हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।