सूर्यापेट: तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोडाड मंडल के डोराकुंटा इलाके में हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस की ट्रक/कंटेनर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। दुर्घटना के वक्त बस में कुल 43 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जिन्हें पुलिस और राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
हादसे में पांच महिलाओं की मौत
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस सड़क पर मौजूद ट्रक/कंटेनर से टकराई थी।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जताया दुख
सूर्यापेट हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर उन्हें सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा है।
हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, प्राइवेट ट्रैवल बस हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा की ओर जा रही थी। डोराकुंटा इलाके के पास पहुंचने पर बस दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग भी मदद के लिए पहुंच गए। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त बस और सामने मौजूद वाहन की स्थिति क्या थी और हादसे के पीछे लापरवाही या किसी अन्य वजह की भूमिका थी।
जगतियाल में भी बस-ट्रक की टक्कर में घायल हुए थे 25 यात्री
तेलंगाना में हाल के दिनों में सड़क हादसों की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले जगतियाल जिले के कोंडागट्टू गांव के बाहरी इलाके में एक TGSRTC बस और ट्रक की भिड़ंत हुई थी। इस हादसे में करीब 25 यात्री घायल हुए थे। बताया गया था कि बस में लगभग 50 यात्री सवार थे और वह करीमनगर से निजामाबाद जा रही थी। शाम करीब 5:45 बजे सामने से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी थी। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था।