मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही कस्बे में दिवाली की रात एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। रविवार देर रात एक क्रॉकरी दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में दो माह का मासूम बच्चा, दो किशोरियां और परिवार के बुजुर्ग सदस्य शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, बरही कस्बे में पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी की दुकान में रविवार रात करीब 12 बजे अचानक आग भड़क उठी। दुकान के ऊपर बनी तीन मंजिला इमारत में पूरन अग्रवाल का परिवार रहता था। रात के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान आग तेजी से फैल गई और पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। आग की भयावहता के चलते परिवार के लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और दो माह के मासूम की मौत हो गई। वहीं, परिवार के एक पुरुष और एक महिला को सुरक्षित बचा लिया गया।
रातभर चला बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के साथ ही इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया। इसके बाद सुबह लगभग 6:30 बजे जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों के शव बाहर निकाले गए।
दिवाली की रात हुए इस हादसे ने पूरे बरही कस्बे को झकझोर कर रख दिया। जिस घर में त्योहार की खुशियां होनी थीं, वहां सुबह होते-होते मातम पसरा हुआ था।