लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा के प्रथम लखनऊ आगमन पर गुरुवार, 23 जुलाई को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होगा।
रालोद की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह समारोह प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय के सानिध्य में आयोजित होगा। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के संपादकों, ब्यूरो प्रमुखों, पत्रकारों, छायाकारों और वीडियो टीमों से कार्यक्रम की कवरेज के लिए प्रदेश मुख्यालय पहुंचने का अनुरोध किया है।
रालोद का कहना है कि यह कार्यक्रम संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।