शिवसेना (UBT) की नेता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर के विवादित बयान पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। रोहिणी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर किशोरी पेडनेकर को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कुत्तों के भौंकने से हाथी का कद छोटा नहीं होता। साथ ही उन्होंने साफ कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र किसी की निजी जागीर नहीं हैं।
दरअसल, महाराष्ट्र की राजनीति में बिहार और वहां की संस्कृति को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इस विवाद की शुरुआत तब हुई, जब किशोरी पेडनेकर ने रोहिणी आचार्य को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा था, ‘लालू-भालू की लड़की कुछ भी बात कर रही है, आ जाओ मुंबई, दिखा देते हैं।’ उनके इस बयान पर रोहिणी ने कड़ा ऐतराज जताया और पलटवार करते हुए जमकर निशाना साधा।
रोहिणी आचार्य ने कहा- महाराष्ट्र किसी की जागीर नहीं
रोहिणी आचार्य ने अपने बयान में कहा कि कोई भी व्यक्ति मुंबई या महाराष्ट्र को अपनी निजी संपत्ति नहीं समझ सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भड़काऊ और विवादित बयान देकर सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों के समर्थन में उतरने वाले नेताओं को भी अपनी भाषा पर ध्यान देना चाहिए।
रोहिणी ने आगे कहा कि किसी को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि बिहार के लोग अपनी संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों को कहां और किस तरह मनाएं। उन्होंने अपमानजनक टिप्पणियों को संबंधित लोगों की मानसिकता और सोच का परिचायक बताया। साथ ही कहा कि ऐसी बयानबाजी से लालू प्रसाद यादव जैसी बड़ी शख्सियत या उनका अपना सम्मान कम नहीं होने वाला।
राज ठाकरे और प्रशांत किशोर को लेकर भी हुई थी बयानबाजी
गौरतलब है कि यह विवाद अचानक शुरू नहीं हुआ है। इससे पहले रोहिणी आचार्य ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे को लेकर भी टिप्पणी की थी। वहीं, चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने भी इस विवाद में अपनी प्रतिक्रिया दी थी और राज ठाकरे के लिए ‘लम्पट’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इसके बाद किशोरी पेडनेकर ने रोहिणी आचार्य पर निशाना साधते हुए ‘लालू-भालू की लड़की’ वाली टिप्पणी की थी। अब रोहिणी के पलटवार के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
RJD की कमान संभालने की अटकलों पर रोहिणी ने क्या कहा था?
रोहिणी आचार्य हाल के दिनों में अपने राजनीतिक बयानों को लेकर भी चर्चा में रही हैं। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की जिम्मेदारी संभालने की अटकलों पर उन्होंने पहले ही सफाई दी थी। रोहिणी ने कहा था कि पार्टी की कमान संभालने जैसी कोई बात नहीं है। वह अपने पिता लालू प्रसाद यादव से मिलने और उनकी देखभाल करने के लिए बिहार आई हैं। उन्होंने कहा था कि उनके पिता काफी समय से उन्हें आने के लिए कह रहे थे, लेकिन व्यस्तता के चलते वह नहीं आ पा रही थीं। जैसे ही समय मिला, वह बिहार पहुंच गईं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि फिलहाल उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता माता-पिता की सेवा और पिता की सेहत का ख्याल रखना है।
राजनीति में आने के सवाल पर दिया था ये जवाब
आगे सक्रिय राजनीति में आने के सवाल पर रोहिणी आचार्य ने कहा था कि अभी उनकी उम्र लंबी है और भविष्य के बारे में वह कुछ नहीं कह सकतीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस समय उनका पूरा ध्यान अपने माता-पिता की सेवा पर है। बिहार विधानसभा चुनाव में RJD की हार के बाद रोहिणी आचार्य के बिहार छोड़कर अपने ससुराल जाने को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी। हालांकि, हाल ही में उनकी बिहार वापसी के बाद वह अपने पिता लालू प्रसाद यादव के साथ नजर आईं। इसके बाद से ही उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर एक बार फिर अटकलें लगाई जा रही हैं।