चंडीगढ़। हरियाणा के सतलोक आश्रम से जुड़े प्रमुख संत संत रामपाल को बड़ी राहत मिली है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने देशद्रोह के मामले में उन्हें जमानत प्रदान कर दी है। करीब 11 साल 4 महीने 20 दिन जेल में बिताने के बाद अब उनकी रिहाई का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। हाईकोर्ट का जमानत आदेश संबंधित ट्रायल कोर्ट में पहुंचने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत बॉन्ड भरने की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके पश्चात आदेश जेल प्रशासन तक पहुंचेगा, जिसके बाद हिसार जेल से उनकी रिहाई संभव हो सकेगी।
गौरतलब है कि संत रामपाल को 19 नवंबर 2014 को बरवाला स्थित आश्रम से गिरफ्तार किया गया था। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद कोर्ट में पेश न होने पर पुलिस उन्हें हिरासत में लेने पहुंची थी। इस दौरान आश्रम परिसर में पुलिस और समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। इस घटना में पांच महिलाओं और डेढ़ साल के एक बच्चे सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई थी, जिससे मामला अत्यंत संवेदनशील बन गया। इसके बाद रामपाल पर देशद्रोह, हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किए गए थे और वे उम्रकैद की सजा काट रहे थे।
हाईकोर्ट से मिली इस राहत के बाद भी अन्य लंबित मामलों में कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी। फैसले के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल है, वहीं प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। संभावित हालात को देखते हुए आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की तैयारी की जा रही है। यह मामला हरियाणा और पंजाब के धार्मिक व सामाजिक परिदृश्य में चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जहां लंबे समय से उनके अनुयायी उनकी रिहाई की मांग कर रहे थे।