बिहार विधानसभा चुनाव के दोनों चरणों के नामांकन की अंतिम तारीख बीत जाने के बाद भी महागठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर मतभेद खत्म नहीं हुए हैं। राज्य की 12 सीटों पर कांग्रेस, राजद और वाम दलों के बीच सीधी टक्कर की स्थिति बनी हुई है।
इसी बीच राजद ने अपने 143 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव वैशाली जिले की राघोपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी ने भी 15 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। वे मुजफ्फरपुर में दो बड़ी सभाओं को संबोधित करेंगे। उधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने बिहार चुनाव से दूरी बनाने का ऐलान किया है और राजद व कांग्रेस पर राजनीतिक साजिश रचने का आरोप लगाया है।
काराकाट सीट पर दिलचस्प मुकाबला
काराकाट विधानसभा क्षेत्र में इस बार मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह के मैदान में उतरने से यहां त्रिकोणीय संघर्ष के आसार हैं। ज्योति सिंह का सामना सीपीआई (माले) के अरुण सिंह और जेडीयू के पूर्व सांसद महाबली सिंह से होने जा रहा है। वहीं, जन सुराज के उम्मीदवार योगेंद्र सिंह के उतरने से मुकाबला और भी कड़ा हो गया है।