रिपोर्ट – अनुराग श्रीवास्तव – कानपुर
कानपुर | उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण ठंड और घने कोहरे के बीच कानपुर जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिला अधिकारी ने नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है। अब स्कूल सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संचालित होंगे।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और ठंड की स्थिति सुधारने तक जारी रहेगा। सुबह के समय घने कोहरे और कम तापमान के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। पहले कई स्कूल सुबह 8 बजे या इससे पहले खुलते थे, जिससे छोटे बच्चों को विशेष रूप से कठिनाई हो रही थी।
जिला अधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक सभी स्कूलों में इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करा रहे हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। अभिभावकों ने इस फैसले का स्वागत किया है, क्योंकि ठंड के मौसम में बच्चों का स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है, इसलिए अभिभावकों को सलाह दी गई है कि बच्चे गर्म कपड़े पहनकर ही स्कूल भेजें। यह बदलाव छात्रों के लिए ठंड से राहत प्रदान करेगा और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।
