बरेली: उत्तर प्रदेश के जिला बरेली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसमें एक युवक ने अपनी सौतेली मां के सिर पर लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी। हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि यह घटना 17 जनवरी को हुई थी। शुरुआत से ही पुलिस को लग रहा था कि इस हत्या को अंजाम किसी करीबी ने ही दिया है।
मामले की गहराई से जांच की गई और पुख्ता सबूतों के आधार पर आरोपी सौतेले बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड को भी बरामद कर लिया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। एसपी सिटी राहुल भाटी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बेटे ने अपनी सौतेली मां से बुलेट खरीदने के लिए रुपये मांगे थे। मां ने मना कर दिया जिसके बाद दोनों के बीच विवाद खड़ा हो गया। गुस्साए बेटे ने लोहे की रॉड से मां के सिर पर दो बार वार किए जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इसके अलावा पुलिस ने बताया कि हत्या की कहानी को मोड़ने के लिए आरोपी ने घर में रखा सामान इधर-उधर फेंक दिया। जिससे जांच में पुलिस को यह लगे कि वारदात लूट के इरादे से की गई है। पीड़ित परिवार बरेली की मशहूर दरगाह आला हजरत से जुड़ा हुआ है। इसलिए पुलिस ने इस घटनाक्रम का खुलासा करने के लिए कई टीमें लगाई थीं। कहीं कोई बड़ा विवाद ना हो जाए इसलिए पुलिस ने संभल-संभल कर अपना हर कदम आगे बढ़ाया। पुलिस की कड़ी मेहनत रंग लाई और आरोपी बेटे तक पहुंच गई।