लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पिछले काफी समय से अपनों का ही विरोध झेल रहे हैं। कभी उनके गठबंधन सहयोगी सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर तो कभी चाचा शिवपाल सिंह यादव उन पर सवाल उठाते रहते हैं।
ताजा घटनाक्रम में राजभर ने वाई श्रेणी सुरक्षा मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुक्रिया कहा, साथ ही राष्ट्रपति चुनाव में क्रास वोटिंग को लेकर कहा कि अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपने थर्मामीटर से चेक करें कि क्रास वोटिंग किसने की है।
एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए राजभर ने कहा मतदान के पहले से ही वह इस जीत के प्रति आश्वस्त थे। मतदान के दिन भी कहा था कि सपा व रालोद के भी कई विधायक मुर्मू को वोट दे सकते हैं। वह सच निकला। उन्होंने यह भी कहा कि शिवपाल बड़े नेता हैं। अखिलेश को उनका ख्याल रखना चाहिए।
वहीं राष्ट्रपति चुनाव में सपा में क्रास वोटिंग का दावा करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने इसका क्रेडिट खुद को दिया है और अखिलेश यादव को एक बार फिर घेरने की कोशिश की है।
हमारी चिट्ठी के कारण सपा में हुई क्रॉस वोटिंग
सपा विधायक शिवपाल यादव ने कहा है कि उनकी लिखी चिट्ठी के कारण सपा में क्रॉस वोटिंग हुई। पक्के समाजवादियों पर उनकी चिट्ठी का असर हुआ है। इसी कारण सपा विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में क्रास वोटिंग की।
शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने नेताजी मुलायम सिंह को आईएसआई का एजेंट बताया था। ऐसे में हम उन्हें कभी भी समर्थन नहीं कर सकते।