लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व विधान सभा सदस्य मोहम्मद आजम खां की तबीयत खराब हो गई है। बुधवार देर रात सांस लेने में दिक्कत होने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। 74 वर्षीय आजम खां को फेफड़ों की न्यूमोनिआ और सांस लेने में तकलीफ है, जिसका इलाज चल रहा है।
मेदांता में आवश्यक जांचों के बाद उनको क्रिटिकल केयर टीम की निगरानी में रखा गया है। उनकी तबीयत अभी स्थिर एवं नियंत्रण में हैं। मेदांता लखनऊ की क्रिटिकल केयर टीम के प्रमुख डॉ दिलीप दुबे और उनकी टीम उनके बेहतर इलाज के लिए निरंतर प्रत्यनशील है।
मेदांता अस्पताल के डायरेक्टर ने गुरुवार को प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि बीते दिन बुधवार देर रात को सपा नेता आजम खान को फेफड़ों के न्युमोनिआ और सांस लेने में तकलीफ के कारण मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ के ICU में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
बता दें कि 27 महीने बाद आजम खान 20 मई को सीतापुर जेल से जमानत पर रिहा हुए थे। सीतापुर जेल में भी आजम की दो बार तबीयत बिगड़ी थी। दोनों बार उन्हें लखनऊ के मेदांता में भर्ती कराया गया था। पिछले साल मई में आजम खान कोरोना संक्रमित भी हो गए थे।
आजम खान अभी उप्र की रामपुर सीट से विधायक हैं। वह पूर्व में उप्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं, कई बार रामपुर से ही विधायक भी चुने गए हैं। आजम खान की गिनती सपा के प्रमुख मुस्लिम चेहरे में होती है।