उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में गठबंधन की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के साथ संभावित गठबंधन पर बड़ा बयान दिया है। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी AIMIM के साथ गठबंधन के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए एक अहम शर्त होगी।
सपा ने रखी यह शर्त
लखनऊ में जारी एक वीडियो संदेश में आशुतोष वर्मा ने कहा, “अगर AIMIM चाहती है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराया जाए, तो उसे इंडिया गठबंधन का साथ देना होगा। हमारी शर्त यह है कि AIMIM उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर चुनाव लड़ना चाहिए। हालांकि, सपा की इस शर्त पर अभी तक AIMIM की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ओवैसी ने पहले दिया था गठबंधन का संकेत
कुछ दिन पहले बिजनौर के नजीबाबाद में आयोजित एक जनसभा में असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के साथ गठबंधन के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए वह “आधे रास्ते तक आने” को तैयार हैं, लेकिन गठबंधन सम्मान और बराबरी के आधार पर होना चाहिए। ओवैसी ने कहा था कि उनकी पार्टी नहीं चाहती कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की दोबारा सरकार बने और इसी उद्देश्य से सम्मानजनक गठबंधन की संभावना पर बातचीत हो सकती है। अब सपा की ओर से रखी गई शर्त के बाद दोनों दलों के बीच संभावित गठबंधन को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर अंतिम तस्वीर AIMIM की आधिकारिक प्रतिक्रिया के बाद ही साफ होगी।