Staff Selection Commission की कांस्टेबल GD 2026 परीक्षा को प्रयागराज समेत पांच जिलों में रद्द कर दिया गया है। आयोग ने परीक्षा रद्द करने के पीछे तकनीकी कारणों का हवाला दिया है। प्रयागराज के अलावा कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित परीक्षा केंद्रों की परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।
प्रयागराज में परीक्षा रद्द होने के बाद अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। शहर के अंदावा स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंचे छात्रों ने जमकर हंगामा किया। परीक्षा न दे पाने से नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़ कर दी और सड़क पर जाम लगा दिया।
जानकारी के मुताबिक, अभ्यर्थी सोमवार को SSC कांस्टेबल GD परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्र पहुंचे थे, लेकिन क्षमता से अधिक उम्मीदवारों के पहुंचने के कारण अव्यवस्था फैल गई। आरोप है कि परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं थी, बावजूद इसके बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को केंद्र आवंटित कर दिया गया।
गुस्साए छात्रों ने परीक्षा कक्ष में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, सीपीयू, कुर्सियां और अन्य फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। हंगामे के कारण परीक्षा केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अभ्यर्थियों का कहना था कि भीषण गर्मी में दूर-दराज से बुलाने के बावजूद परीक्षा देने की व्यवस्था नहीं की गई। SSC मध्य क्षेत्र द्वारा दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना परीक्षा केंद्र पर चस्पा होने के बाद स्थिति और बिगड़ गई।
बताया गया कि SSC मध्य क्षेत्र ने परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी बेंगलुरु स्थित Eduquity Career Technologies Private Limited को सौंपी थी। अंदावा स्थित आईटेक जोन सेंटर पर कुल 650 कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध थे, लेकिन दूसरी और तीसरी पाली में क्षमता से दोगुने से अधिक परीक्षार्थियों का आवंटन कर दिया गया।
केंद्र प्रबंधन के अनुसार, अभ्यर्थियों के आवंटन की जानकारी उन्हें परीक्षा वाले दिन ईमेल के जरिए दी गई थी। इसके चलते अचानक अधिक संख्या में उम्मीदवार पहुंचने से अव्यवस्था फैल गई। हंगामे और सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया। इस दौरान लैपटॉप लेकर भाग रहे एक छात्र को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।