चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के किसानों की फसलें एमएसपी पर खरीद रही है। सीएम सैनी ने कहा कि हमने हरियाणा में 100 प्रतिशत फसल की खरीद एमएसपी पर करने का एलान किया है और हम फसलों को एमएसपी पर ही खरीद रहे हैं। पिछले 10 सालों से मोदी सरकार ने एमएसपी बढ़ाई है। सरकार किसानों को खराब हुई फसलों का मुआवजा भी दे रही है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने एक झूठ फैलाया था कि सरकार एमएसपी पर फसलों की खरीद बंद कर देगी। बावजूद इसके केंद्र सरकार ने बीते 10 वर्षों से एमएसपी को बढ़ाया है। किसानों तक किसान सम्मान निधि योजना के तहत पैसा पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को उनकी खराब फसलों का मुआवजा भी मिल रहा है। वहीं कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में क्या किया, इस पर चर्चा होनी चाहिए। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में किसानों को फसल का कितना मुआवजा दिया इसका भी आकलन होना चाहिए।
सीएम सैनी ने कहा कि मैं किसान भाईयों से आग्रह करना चाहता हूं कि वे फसलों पर कीटनाशकों का ज्यादा प्रयोग न करें। किसानों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि खेती में कीटनाशकों का कम इस्तेमाल करें। पंजाब में कैंसर के मरीज बढ़ रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि फसल में खाद और पेस्टिसाइड का ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है। पेस्टिसाइड से हमें भी नुकसान है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।