पंजाब सरकार ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों में इंटर्न और डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी का अहम फैसला लिया है। अब मेडिकल इंटर्न को हर महीने 15,000 रुपये की बजाय 22,000 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा।
वहीं, पोस्ट ग्रेजुएट (PG) डॉक्टरों को उनके वर्ष के अनुसार क्रमशः 76,000 रुपये (पहला वर्ष), 77,000 रुपये (दूसरा वर्ष) और 78,000 रुपये (तीसरा वर्ष) दिए जाएंगे। सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाकर क्रमशः 92,000, 93,000 और 94,000 रुपये कर दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने जानकारी दी कि सरकार के इस निर्णय के बाद राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से बहाल कर दी गई हैं। ओपीडी और ऑपरेशन थियेटर पूरी तरह से कार्य कर रहे हैं।
गौरतलब है कि स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर बीते दिनों जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गए थे। इसके चलते मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और विपक्ष ने भी सरकार को घेरा था।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि यह मुद्दा लंबे समय से विचाराधीन था। जब मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जानकारी दी गई तो उन्होंने तत्काल डॉक्टरों के साथ बैठक के निर्देश दिए। वित्त मंत्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी बिंदुओं पर चर्चा कर स्टाइपेंड बढ़ाने की मंजूरी दी गई।
सरकार के आश्वासन के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया और अब सभी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।