बस्तर । छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आज सुबह लगभग 7.28 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप का असर बस्तर संभाग के कई इलाकों में देखा गया है। ये झटके सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, और जगदलपुर सहित कई जगहों पर महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र तेलंगाना के मुलूगु में बताया जा रहा है। लगभग 7 सेकंड तक झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 5.3 मापी गई है। इसके डर से लोग घरों से बाहर निकल आए।
तेलंगाना रहा मुख्य केंद्र
तेलंगाना में बुधवार सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। झटके इतने तेज थे कि इसे महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी महसूस किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, सुबह तेलंगाना के मुलुगु जिले में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। हैदराबाद में भी झटके महसूस किए गए। भूकंप सुबह 7:27 बजे आया। इसका केंद्र जमीन से 40 किलोमीटर गहराई में था।
क्यों आता है भूकंप?
पृथ्वी के अंदर 7 प्लेट्स हैं, जो लगातार घूमती रहती हैं। जहां ये प्लेट्स ज्यादा टकराती हैं, वह जोन फॉल्ट लाइन कहलाता है। बार-बार टकराने से प्लेट्स के कोने मुड़ते हैं। जब ज्यादा दबाव बनता है तो प्लेट्स टूटने लगती हैं। नीचे की ऊर्जा बाहर आने का रास्ता खोजती हैं और डिस्टर्बेंस के बाद भूकंप आता है।