बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान बिहार में फिल्म उद्योग के विकास, फिल्मों की शूटिंग और राज्य को फिल्म हब के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर इसे कला, सिनेमा और बिहार से जुड़े मुद्दों पर सार्थक बातचीत बताया। सम्राट चौधरी ने कहा कि सुनील शेट्टी ने बिहार में फिल्म निर्माण को लेकर आश्वासन दिया है।
अक्टूबर से शुरू हो सकती है फिल्म की शूटिंग
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सुनील शेट्टी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनकी अगली फिल्म की शूटिंग अक्टूबर से बिहार में शुरू होने की योजना है। राज्य की नई फिल्म नीति के तहत करीब 50 से 60 दिनों तक शूटिंग किए जाने पर चर्चा हुई है। शेट्टी ने बताया कि अगले सप्ताह उनकी फिल्म की पूरी टीम बिहार पहुंचेगी और अलग-अलग लोकेशनों का जायजा लेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने को लेकर सकारात्मक हैं और सरकार फिल्म निर्माण से जुड़े जरूरी सहयोग के लिए तैयार है।
‘फिल्म इंडस्ट्री आने से रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा’
सुनील शेट्टी ने कहा कि बिहार में फिल्म उद्योग के विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके अलावा प्रोडक्शन, पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश फिल्म उद्योग के लिए महत्वपूर्ण बाजार हैं और यहां के दर्शकों की संख्या काफी बड़ी है। उन्होंने बिहार की प्राकृतिक सुंदरता और फिल्म शूटिंग के लिए उपलब्ध लोकेशनों की भी तारीफ की। शेट्टी के मुताबिक, बिहार में फिल्मों की शूटिंग बढ़ने से राज्य के स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को भी अपनी पहचान बनाने का बड़ा मंच मिल सकता है।
फिल्म का नाम अभी तय नहीं
अभिनेता ने बताया कि फिल्म का नाम और अन्य जानकारियां अभी अंतिम रूप नहीं दी गई हैं। शूटिंग की तैयारियां पूरी होने के बाद फिल्म से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। सुनील शेट्टी ने बिहार की मेहमाननवाजी की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि उन्होंने लिट्टी-चोखा का स्वाद लिया, जो उन्हें काफी पसंद आया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बिहार फिल्म निर्माण के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर सकता है।