हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के कसोल में एक विदेशी महिला की मौत से सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत ड्रग ओवरडोज से होने की पुष्टि हुई है। मृतक महिला रूस की रहने वाली बताई जा रही है, जो कसोल में आयोजित एक रेव पार्टी में शामिल होने आई थी।
पुलिस के मुताबिक, 29 वर्षीय विदेशी महिला दिशालीन का शव कसोल के एक होटल कमरे से बरामद किया गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। बाद में महिला के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ड्रग ओवरडोज को मौत की वजह बताया गया है। मामले के बाद पुलिस ने कसोल में आयोजित रेव पार्टी को लेकर दो अलग-अलग केस दर्ज किए हैं।
जानकारी के अनुसार, कसोल और मणिकर्ण घाटी के जंगलों में 7 जून से 11 जून तक रेव पार्टी आयोजित की गई थी। आरोप है कि इस दौरान खुलेआम नशे और अश्लील गतिविधियों का दौर चला। महिला उसी पार्टी में डीजे आर्टिस्ट के तौर पर शामिल हुई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाई कोर्ट की रोक के बावजूद इलाके में लगातार अवैध रेव पार्टियां हो रही हैं। इन पार्टियों में बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए इनका प्रचार और बुकिंग भी की जा रही है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और पार्टी आयोजकों समेत अन्य लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है।