पश्चिम बंगाल की चर्चित भवानीपुर सीट पर सियासी माहौल गरमा गया है। बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने यहां से अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी उनके साथ मौजूद रहे। नामांकन से पहले दोनों नेताओं ने रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक जुटे।
रोड शो के दौरान बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हो गया। दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और नारेबाजी के बीच धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। हालात बिगड़ते देख अमित शाह को अपना रोड शो बीच में छोड़कर गाड़ी से आगे बढ़ना पड़ा, लेकिन वे बाद में नामांकन प्रक्रिया में शामिल हुए।
भवानीपुर सीट को ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां मुकाबला आसान नहीं माना जा रहा है। सुवेंदु अधिकारी को जमीनी नेता के तौर पर देखा जाता है और वे जनता की नब्ज को अच्छी तरह समझते हैं। अमित शाह ने भी कहा कि सुवेंदु पहले नंदीग्राम से ही चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन उन्हें भवानीपुर से चुनाव लड़कर ममता बनर्जी को चुनौती देने के लिए तैयार किया गया। गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया था। वहीं भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी ने 2021 के उपचुनाव के साथ-साथ 2011 और 2016 में भी जीत दर्ज की है।
नामांकन से पहले हुए रोड शो को बीजेपी ने शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया। हालांकि कालीघाट इलाके में, जो ममता बनर्जी के निवास के पास है, टीएमसी समर्थकों ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर भीड़ को नियंत्रित किया और हालात को संभाला।